नशे के खिलाफ दून पुलिस का जागरूकता अभियान

कोतवाली नगर में आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक, दिलाई नशामुक्ति की शपथ

देहरादून, 04 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस द्वारा जनपदभर में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली नगर देहरादून में पुलिस टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने थाने में उपस्थित आमजन को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई।

पुलिस ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि यदि उनके आसपास नशे के अवैध कारोबार से संबंधित कोई जानकारी सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दून पुलिस का संदेश—नशे से रहें दूर, समाज को बनाएं नशामुक्त।

About The Author