युवक के अपहरण और मारपीट के आरोप में यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार गिरफ्तार

एसएसपी दून के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई, सुद्धोवाला-प्रेमनगर क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

देहरादून, 08 अक्टूबर। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में युवक को जबरन वाहन में बैठाकर उसके साथ मारपीट करने और अपहरण के प्रयास के मामले में दून पुलिस ने यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपियों को बुधवार को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 06 अक्टूबर 2026 को राज सिंह चौहान पुत्र भूपेन्द्र सिंह चौहान, निवासी टी-स्टेट बंजारावाला, थाना पटेल नगर, देहरादून ने थाना नेहरू कॉलोनी में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 05 अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके अन्य साथियों ने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया।

शिकायत के अनुसार, वहां आरोपियों ने उसे कथित तौर पर जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने के इरादे से अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया।

मामले में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मु0अ0सं0 411/2026 के तहत धारा 117(2), 191(2) और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 140(1) (अपहरण) और 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में नामजद अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अनुराग डोभाल, पुत्र जगदंबा डोभाल, निवासी मोना शेट्टी होम, ओ-टावर, फ्लैट नंबर-201, खरड़, चंडीगढ़, उम्र 29 वर्ष।
  2. अभिषेक, पुत्र सतीश कुमार, निवासी घाट खेड़ा, थाना रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष।
  3. अभय चौधरी, पुत्र संजीव कुमार, निवासी बहादारपुर जट, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष।
  4. कुर्बान, पुत्र शराफत, निवासी गढ़ी बेसक, थाना सनोली, जिला पानीपत, हरियाणा, उम्र 23 वर्ष।

About The Author