विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों से की बातचीत, बोले—जिम्मेदारियों से कभी नहीं बचता
विकासनगर। अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर विकासनगर में गत मंगलवार को माहौल गरमा गया। कार्रवाई के दौरान एक महिला ने अपना गुस्सा और दर्द जाहिर करते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। महिला ने कहा कि बाजार में कई जगह अतिक्रमण है, लेकिन कार्रवाई केवल गरीब लोगों के खिलाफ क्यों की जा रही है। उसने भावुक होकर कहा कि यदि रोजी-रोटी ही छिन जाएगी तो उसके बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा।
महिला के विरोध के बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता भी मौके पर अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई का विरोध करते नजर आए। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखने की बात कही।
मामला बढ़ता देख विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने मौके पर स्थानीय लोगों और नया प्रयास के साथियों से बातचीत की। विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कहा कि वह जनता से जुड़े मामलों में अपनी जिम्मेदारियों से कभी पीछे नहीं हटते। विधायक ने भरोसा दिलाया कि मामले को समझने और उचित स्तर पर बात रखने का प्रयास किया जाएगा।
हाईवे पर अतिक्रमण को लेकर लोनिवि ने रखा पक्ष
वहीं, हाईवे पर किए गए अतिक्रमण को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोनिवि के सहायक अभियंता ने भी अपना पक्ष रखा। विभाग की ओर से हाईवे की भूमि और अतिक्रमण की स्थिति को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया और विभागीय पक्ष स्पष्ट किया गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर जहां प्रशासन और संबंधित विभाग नियमों के तहत कार्रवाई की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर व्यापारी और प्रभावित लोग रोजी-रोटी तथा कारोबार पर पड़ने वाले असर को लेकर अपनी चिंता जता रहे हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच इस मामले का क्या समाधान निकलता है और कार्रवाई के दौरान प्रभावित लोगों के हितों को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
