विकासनगर। अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान एक महिला का गुस्सा और दर्द उस समय सामने आया, जब उसने कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए। महिला ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि बाजार में कई जगह अतिक्रमण है, लेकिन कार्रवाई केवल गरीब लोगों के खिलाफ ही क्यों की जा रही है।
महिला ने भावुक होकर कहा, “और कहीं नहीं दिख रहा बाजार में? इतना अतिक्रमण बाजार में लगा है। खाली हमारा ही दिख रहा है? ले आओ ताला-चाबी, अब बच्चों के मुंह में भी ताला लगा दो। हमारे बच्चे क्या खाएंगे?”
महिला ने आगे आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। उसने कहा कि उनके पास खेती भी नहीं है और दुकान या ठेले से होने वाली कमाई से ही परिवार का गुजर-बसर चलता है। कार्रवाई के दौरान महिला ने यह भी सवाल उठाया कि “गरीब आदमी की कोई वैल्यू नहीं है क्या?”
महिला के बयान में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर नाराजगी के साथ-साथ रोजगार और परिवार की रोजी-रोटी छिनने का डर भी साफ नजर आया। हालांकि, प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत किए जाने की बात कही जाती रही है।
अब सवाल यह है कि अतिक्रमण हटाने के साथ प्रभावित छोटे दुकानदारों और गरीब परिवारों की आजीविका को लेकर प्रशासन की क्या व्यवस्था होगी। कार्रवाई के दौरान सामने आया महिला का यह वीडियो/बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
