तलाक की जिद पर मां ने बेटी को तहसील परिसर में पीटा, बोली—“नौ महीने पेट में रखा, फिर भी मेरी बात नहीं मान रही”

रामनगर। रामनगर तहसील परिसर में मंगलवार को मां-बेटी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। पति से नाराज होकर काशीपुर गई एक महिला अपनी तलाक की कानूनी प्रक्रिया शुरू कराने के लिए एक अन्य महिला के साथ रामनगर तहसील पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बेटी के तलाक लेने के फैसले से उसकी मां नाराज थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मां ने बेटी को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। जब बेटी अपने फैसले पर अड़ी रही तो विवाद बढ़ गया और मां ने तहसील परिसर में ही बेटी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान मां भावुक होकर बेटी से कहती रही— “नौ महीने पेट में रखा, पैदा किया, पाल-पोसकर बड़ा किया और अब मेरी बात नहीं मान रही…”

घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मां-बेटी के बीच हुए इस विवाद ने परिवार, विवाह और व्यक्तिगत फैसलों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक ओर मां अपनी बेटी का वैवाहिक जीवन बचाने की कोशिश करती नजर आई, वहीं दूसरी ओर बेटी अपने वैवाहिक रिश्ते को समाप्त कर अपनी जिंदगी के संबंध में स्वयं निर्णय लेने पर अड़ी दिखाई दी। हालांकि, किसी भी पारिवारिक विवाद का समाधान हिंसा नहीं, बल्कि बातचीत और कानूनी प्रक्रिया के जरिए होना चाहिए।

About The Author