विशेष शिविरों में बनेंगे आय, जाति और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व आधार कार्ड; सीएसआर फंड से विकसित होंगी मूलभूत सुविधाएं
देहरादून, 16 अक्टूबर। जनपद के बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में रहने वाले लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को इन गांवों के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में विशेष शिविर आयोजित कर योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाए और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
पेंशन योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
बैठक में जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर उन्हें शीघ्र पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके लिए गांवों में विशेष शिविर लगाकर जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में उज्ज्वला योजना और अंत्योदय योजना के तहत पात्र परिवारों को लाभान्वित करने तथा राशन कार्ड संबंधी प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाने के लिए लगेंगे विशेष शिविर
जिलाधिकारी ने गांवों में आय, जाति, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को भी सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत ग्रामीणों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का उद्देश्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना और योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
सीएसआर फंड से विकसित होंगी बुनियादी सुविधाएं
बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गेल कंपनी के माध्यम से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के तहत गांवों में सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इस पहल के तहत गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं के विकास के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, सब डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर डॉ. उदय एन. उनियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

