देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात 10 बजकर 23 मिनट 13 सेकंड पर चमोली जिले में 4.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटके गढ़वाल से लेकर कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में महसूस किए गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जोशीमठ से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण दिशा में जमीन के भीतर 13 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप के झटके चमोली के साथ-साथ बदरीनाथ, नैनीताल, बागेश्वर, यूएस नगर, भीमताल, पिथौरागढ़, चंपावत, हल्द्वानी, खटीमा, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, गोपेश्वर समेत आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए।
भूकंप के झटके महसूस होते ही घरों से बाहर निकले लोग
चमोली जिले में भूकंप के झटके अपेक्षाकृत कम गहराई पर आने के कारण आसपास के क्षेत्रों में कंपन महसूस किया गया। जैसे ही लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए, कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और अपने परिचितों व रिश्तेदारों को फोन कर इसकी जानकारी दी।
भूकंप के कारण कुछ समय के लिए लोगों में भय का माहौल बन गया। पहाड़ी क्षेत्रों में भूकंप के झटकों को लेकर लोग काफी सतर्क नजर आए।
फिलहाल भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
दून वैली टाइम्स की अपील
भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहें। घर के अंदर होने पर मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे शरण लें और खिड़कियों, कांच तथा भारी सामान से दूरी बनाए रखें।
