देहरादून की बेटी उन्नति शर्मा ने राष्ट्रमंडल जूडो चैंपियनशिप में जीता कांस्य

दून वैली टाइम्स | खेल डेस्क

देहरादून। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल जूडो चैंपियनशिप में उत्तराखंड की बेटी और भारतीय जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 63 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

कांस्य पदक के मुकाबले में उन्नति शर्मा का सामना दक्षिण अफ्रीका की खिलाड़ी स्काई नोस्टर से हुआ। बेहद रोमांचक मुकाबले में उन्नति ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और संयम का परिचय देते हुए जीत दर्ज की और भारत के लिए पदक हासिल किया।

देहरादून की डिफेंस कॉलोनी निवासी उन्नति शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि उन्नति शर्मा की यह सफलता उत्तराखंड के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

प्रदेशवासियों ने उम्मीद जताई है कि उन्नति शर्मा भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए और अधिक पदक जीतेंगी तथा उत्तराखंड का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

About The Author