दून वैली टाइम्स | देहरादून | 28 जुलाई 2026
देहरादून जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मंगलवार को स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने अजबपुर कलां क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस वितरण की प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर पहुंचे, जहां बीएलओ मतदाता सूची में नाम संबंधी विसंगति के कारण नोटिस सौंपते हुए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की जानकारी दे रहे थे। डीएम ने पूरी प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक देखा और अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बीएलओ के लिए बनेगा फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी बीएलओ के लिए स्पष्ट एवं सरल फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इससे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को प्रक्रिया समझने में आसानी होगी और किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की संभावना नहीं रहेगी।
5.47 लाख मतदाताओं को दिए जा रहे व्यक्तिगत नोटिस
जिला प्रशासन के अनुसार 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर देहरादून जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूची के मिलान के दौरान जिन मतदाताओं के नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में विसंगतियां मिली हैं या जिनकी मैपिंग पूरी नहीं हो सकी है, ऐसे करीब 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर जाकर नोटिस सौंपेंगे और नोटिस वितरण की फोटो निर्वाचन आयोग के निर्धारित मोबाइल ऐप पर अपलोड करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी भी की जा सके।
समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप निर्धारित समयसीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण के नामित सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली तथा बीएलओ विभांशु भट्ट भी उपस्थित रहे।



