नेहरू कॉलोनी में हुड़दंग पर दून पुलिस की कार्रवाई, यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में

देहरादून। हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामे की सूचना पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिस को 5 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर बाईपास चौकी पर लाया। पुलिस के मुताबिक, चौकी पर भी अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान दूसरे पक्ष के राज सिंह चौहान से दोबारा झगड़ने पर उतारू हो गए।

स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में लिया गया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, राज सिंह की तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

हिरासत में लिए गए व्यक्ति

  1. अनुराग डोभाल, उम्र 29 वर्ष
  2. अभिषेक, उम्र 22 वर्ष
  3. अभय चौधरी, उम्र 23 वर्ष
  4. कुर्बान, उम्र 23 वर्ष

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाईपास उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र, कांस्टेबल हितेश कुमार और PRD प्रमोद शामिल रहे।

About The Author