नशा तस्करी पर दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक और चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने पटेलनगर और सहसपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.97 ग्राम अवैध स्मैक और 279 ग्राम चरस बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने नाजिम (30) निवासी ब्रह्मपुरी को 15.97 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, कोतवाली सहसपुर पुलिस ने जामनखाता रोड से संदीप भारती (23) निवासी डूंगरी, त्यूनी को 279 ग्राम चरस के साथ पकड़ा। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुए थे। उनका उद्देश्य नशे के आदी स्थानीय लोगों को मादक पदार्थ छोटी-छोटी मात्रा में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाना था।

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

About The Author