केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना के संबंध में सहभागिता की। बैठक में परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई तथा विभिन्न राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सहमति बनी।

बैठक में हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सभी पक्षों ने किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए सहयोगात्मक रूप से आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड सहित कई राज्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पेयजल उपलब्धता तथा विद्युत उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय विकास और रोजगार सृजन के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
बैठक में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी उपस्थित रहे। उन्होंने परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित राज्यों और विभागों के समन्वय पर जोर दिया।
किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना को उत्तर भारत की महत्वपूर्ण जल एवं ऊर्जा परियोजनाओं में माना जाता है। इसके पूर्ण होने से जल संरक्षण, बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।




