उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में झमाझम बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 16 जून को राज्यभर में बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
रविवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं राजधानी देहरादून में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 जून तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।




