देहरादून/चमोली। पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी शुक्रवार को तोताघाटी के पास उस समय बाल-बाल बच गए, जब पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थर उनकी गाड़ी से जा टकराए। हादसे में सांसद के वाहन को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना में सांसद अनिल बलूनी को कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, पीपलकोटी में हुए THFC टनल हादसे के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी देहरादून से चमोली के लिए रवाना हुए थे। क्षेत्र में मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इसके बावजूद सांसद प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि चमोली की ओर जाते समय तोताघाटी के पास पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। इसी दौरान एक पत्थर सांसद के वाहन से जा टकराया। पत्थर की चपेट में आने से वाहन को आंशिक क्षति पहुंची। अचानक हुए इस हादसे से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में सांसद अनिल बलूनी और वाहन में सवार अन्य लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। पत्थर गिरने की घटना ने एक बार फिर बरसात के दौरान बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा की जोखिमपूर्ण स्थिति को सामने ला दिया है।
पीपलकोटी टनल हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों के बीच सांसद का मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यात्रियों से भी सतर्कता बरतने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
