देवप्रयाग के टॉपर विद्यार्थियों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विद्यार्थियों को तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की दी सीख

देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन से मुलाकात की। विधायक श्री विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले विद्यार्थियों से मुख्य सचिव ने विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए।

मेहनत का कोई विकल्प नहीं, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक विनोद कंडारी को क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की पहल शुरू करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धि उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। जीवन में सफलता हासिल करने का कोई शॉर्टकट नहीं होता और किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में विद्यार्थियों के लिए स्वयं को अपडेट रखना और तकनीकी रूप से सक्षम बनना जरूरी है। प्रतिस्पर्धा अब केवल गांव, क्षेत्र या विधानसभा तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों से है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर निरंतर सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

मोबाइल और तकनीक का सदुपयोग जरूरी

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और तकनीक के सही इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के फायदे हैं तो इसके दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं। इसका उपयोग किस प्रकार किया जाए, यह व्यक्ति स्वयं तय करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि जीवन में कभी कोई गलती हो जाए या किसी परेशानी का सामना करना पड़े तो अपने माता-पिता, शिक्षकों और भरोसेमंद लोगों से बातचीत जरूर करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को महत्वपूर्ण बातें अपने माता-पिता से नहीं छिपानी चाहिए और किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के माध्यम से तलाशना चाहिए।

नशे से दूर रहें, मित्रों का चयन सोच-समझकर करें

मुख्य सचिव ने बढ़ते नशे के प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को इससे दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे दोस्तों के दबाव में आकर गलत आदतों का शिकार हो जाते हैं। इसलिए मित्रों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए और किसी भी प्रकार के गलत दबाव में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में हॉबी विकसित करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि म्यूजिक, सिंगिंग, स्पोर्ट्स या अन्य पसंदीदा गतिविधियों से जुड़ना मानसिक तनाव को कम करने में मददगार हो सकता है। पढ़ाई के साथ जीवन में संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।

लक्ष्य पर फोकस और खुद पर भरोसा रखें

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य पर पूरा फोकस रखें और स्वयं पर विश्वास बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से व्यक्ति अपने जीवन की दिशा बदल सकता है।

भारत भ्रमण पर निकले विद्यार्थियों को उन्होंने इस यात्रा को सीखने का अवसर बताते हुए नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों को समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस उम्र में मिलने वाले ऐसे अनुभव जीवनभर याद रहते हैं। विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान नई चीजें सीखने और इन अनुभवों को संजोकर रखने का प्रयास करना चाहिए।

अन्य क्षेत्रों में भी शुरू हो ऐसी पहल

मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य क्षेत्रों में भी शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी विद्यालयी एवं उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं को भारत भ्रमण कराने के लिए प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सुश्री ज्योति यादव, उपाध्यक्ष ग्रामीण अभियंत्रण सेवा सलाहकार समिति श्री जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव श्रीमती नमामि बंसल सहित शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी एवं देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author