दून वैली टाइम्स | हरिद्वार
हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कांवड़ यात्रा के चलते बढ़े यातायात दबाव के बीच लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर एक ऑल्टो कार आगे चल रही कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गर्ग कॉलेज के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार ऑल्टो कार संख्या DL-8CAH-3432 लक्सर से कनखल की ओर जा रही थी। जैसे ही कार लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर गर्ग कॉलेज, पिपली के समीप पहुंची, वह आगे चल रही कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
एक की मौके पर मौत, चालक अस्पताल में भर्ती
हादसे में रामू (35 वर्ष), पुत्र विश्वनाथ, निवासी ग्राम तख्त बसाऊ डीपर, थाना बसंतपुर, जिला सिवान (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर कनखल की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके और आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की अपील
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर सामान्य दिनों की अपेक्षा यातायात का दबाव काफी अधिक है। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए, आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और ओवरस्पीडिंग से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
