हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उत्तर प्रदेश के बागपत नंबर की एक स्विफ्ट कार में सवार चार युवकों ने कथित तौर पर शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार कार ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए प्रतिबंधित जीरो जोन में प्रवेश कर लिया और रास्ते में कई लोगों, दोपहिया वाहनों तथा दुकानों के बाहर रखे सामान को टक्कर मार दी। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कार को घेर लिया। भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

बैरिकेडिंग तोड़कर जीरो जोन में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बागपत पंजीकरण वाली स्विफ्ट कार में चार युवक सवार थे। सभी के नशे में होने की बात सामने आ रही है। कार सबसे पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के पास लगी पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ी और पोस्ट ऑफिस तिराहे पर लगे सुरक्षा बैरियर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन सीधे हर की पैड़ी और अपर बाजार के प्रतिबंधित जीरो जोन में पहुंच गया, जहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।
रास्ते में लोगों और वाहनों को मारी टक्कर
जीरो जोन में घुसने के बाद कार तेज रफ्तार से अनियंत्रित होकर दौड़ती रही। चालक ने भीड़भाड़ वाले इलाके में भी वाहन की रफ्तार कम नहीं की। कार ने रास्ते में मौजूद राहगीरों, दुकानों के बाहर रखे सामान और खड़े दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। वाहन मनसा देवी पैदल मार्ग की ओर बढ़ गया। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने घेर ली कार
हादसे के बाद आसपास मौजूद दुकानदार, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु एकजुट हो गए। लोगों ने कार का पीछा कर उसे चारों ओर से घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन में तोड़फोड़ कर दी।
दो युवकों की भीड़ ने की पिटाई
भीड़ ने कार से एक युवक को बाहर निकालकर उसकी जमकर पिटाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को बाल पकड़कर घसीटा गया और लाठी-डंडों व चप्पलों से पीटा गया। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए। एक अन्य युवक भी लोगों के हत्थे चढ़ गया। वहीं हंगामे के बीच दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही हर की पैड़ी चौकी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ के कब्जे से दोनों युवकों को छुड़ाया और हालात पर काबू पाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को मौके से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
मेडिकल में नशे की पुष्टि, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस का बयान
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि बैरियर तोड़कर एक कार के अपर बाजार में घुसने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि प्राप्त तहरीर, मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
— दून वैली टाइम्स




