दून वैली टाइम्स | अल्मोड़ा | 02 अगस्त
भाजपा विधायक पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं के साथ कथित बदसलूकी और अमर्यादित भाषा के प्रयोग के आरोपों को लेकर सल्ट विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्मा गया। इसी क्रम में रविवार को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने जैनल में भाजपा विधायक का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए और किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यूकेडी नेता एवं सल्ट विधानसभा क्षेत्र से जुड़े प्रताप सिंह बसनाल ने कहा कि “सल्ट वीरों की भूमि है, यहां किसी की दादागिरी नहीं चलेगी। उत्तराखंड क्रांति दल का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने सम्मान, स्वाभिमान और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ा रहेगा।”
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कथित अभद्र व्यवहार पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
नोट: भाजपा विधायक पर लगाए गए आरोप यूकेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं के दावों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
