अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक स्थित सेली गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक दामाद पर अपने ससुर पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल ससुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडेय (52 वर्ष) लंबे समय तक हरियाणा में रहने के बाद कुछ समय पहले अपने पैतृक गांव लौटे थे और खेती-बाड़ी का कार्य कर रहे थे। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। अप्रैल माह में उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी हरियाणा निवासी युवक से की थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार को उनकी बेटी और दामाद गांव पहुंचे थे। रविवार को किसी बात को लेकर दामाद और चंद्रशेखर पांडेय के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दामाद ने पाटल (धारदार हथियार) से चंद्रशेखर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर की हड्डियां टूट गईं और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी ने मृतक की पत्नी और अन्य बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह अपनी पत्नी को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। देर रात जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने बंद कमरे का दरवाजा खोलकर परिजनों को बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर को अस्पताल पहुंचाया।
पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अल्मोड़ा बेस अस्पताल रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) भेज दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




