टस्कर के हमले से वाहन क्षतिग्रस्त, चालक ने भागकर बचाई जान; वनकर्मियों ने हवाई फायर कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा
अल्मोड़ा। मरचूला-कूंपी-भैरंगखाल राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-309) पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पार कर रहा एक टस्कर हाथी अचानक आक्रामक हो गया। हाथी ने हाईवे से गुजर रही एक कार को निशाना बनाते हुए उस पर हमला कर दिया। घटना सल्ट क्षेत्र के चिमटाखाल के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कार संख्या यूए-04बी-8022 से चालक हरीश बोरा रामनगर से खरीदारी कर अपने घर मरचूला लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर मौजूद टस्कर हाथी अचानक कार की ओर बढ़ा और वाहन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही कालागढ़ टाइगर रिजर्व की मंदाल रेंज के वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। वन दरोगा प्रमोद सती के नेतृत्व में वन आरक्षी गोधन सिंह, जयदीप भदूला और दीपक कपिल ने मोर्चा संभाला। वनकर्मियों ने चार राउंड हवाई फायर कर टस्कर को हाईवे से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा।
हाथी के जंगल की ओर चले जाने के बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है और चालक ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली।
वन क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर हाथियों की सक्रियता के चलते वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में पहले से ही चिंता बनी रहती है। इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष और हाईवे पर वन्यजीवों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
