चमोली। नगरासू स्थित गुरुद्वारे में पिछले तीन दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। गुरुद्वारे की चौथी मंजिल और छत पर डटे चार निहंग सिख प्रशासन और पुलिस के साथ लंबी वार्ता के बाद नीचे उतर आए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। इस बीच पंजाब से पहुंचे जत्थेदारों ने भी मध्यस्थता कर विवाद को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कई दौर की बातचीत और समझाइश के बाद निहंग सिखों ने छत से नीचे उतरने पर सहमति जताई।

वार्ता सफल होने के बाद चारों निहंग सिख गुरुद्वारे से बाहर निकले और मोटरसाइकिलों के जरिए पंजाब के लिए रवाना हो गए। उनके जाने के साथ ही क्षेत्र में बना तनाव और अनिश्चितता का माहौल समाप्त हो गया।

प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम के शांतिपूर्ण समाधान पर संतोष जताते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात रहा। स्थानीय लोगों ने भी विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान का स्वागत किया।




