चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद में शनिवार को बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कर्णप्रयाग के पंचपुलिया क्षेत्र के समीप एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और सीधे अलकनंदा नदी में समा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी में तेज बहाव होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आया और एसडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
रेस्क्यू टीमें नदी किनारे और आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश अभियान चला रही हैं। फिलहाल वाहन में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। घटना के संबंध में जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, प्रशासन द्वारा उसे साझा किया जाएगा।




