चंपावत। बाराकोट क्षेत्र में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। घर की छत पर पानी की टंकी साफ करते समय 59 वर्षीय कलावती देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार बाराकोट निवासी कलावती देवी रविवार सुबह करीब छह बजे अपने पति केदार सिंह अधिकारी के साथ घर की छत पर पानी की टंकी साफ कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह छत पर गिर पड़ीं। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि महिला को संभवतः हृदयाघात आया था, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
पत्नी की अचानक मौत से पति केदार सिंह अधिकारी भी सदमे में बेसुध हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सुबह-सुबह हुई इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नागेंद्र कुमार जोशी ने घटना की जानकारी दी। कलावती देवी के आकस्मिक निधन पर पूर्व ग्राम प्रधान एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेश अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्मल माहरा, व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
