देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित दून अस्पताल में उपचार के लिए आई एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया। युवती के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों ने आरोपी सफाईकर्मी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसकी सेवाएं समाप्त करने की संस्तुति कर दी है।
दवा काउंटर की लाइन में हुई कथित अश्लील हरकत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे देहरादून निवासी एक युवती उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंची थी। डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद वह दवा लेने के लिए काउंटर पर कतार में खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल में उपनल (UPNL) के माध्यम से तैनात एक सफाईकर्मी उसके पीछे आकर खड़ा हो गया और उसके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने लगा। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
युवती की शिकायत पर लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने पर दून चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन का सख्त कदम
घटना को गंभीरता से लेते हुए दून अस्पताल प्रशासन ने आरोपी सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उपनल को पत्र भेजकर उसकी सेवाएं समाप्त करने की संस्तुति भी की गई है। अस्पताल प्रशासन ने सभी कर्मचारियों को महिला मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि करीब डेढ़ महीने पहले, 28 मई को भी दून अस्पताल के एक कर्मचारी पर अस्पताल परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा था। उस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। ताजा घटना के बाद अस्पताल में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
चिकित्सा अधीक्षक का बयान
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। आरोपी सफाईकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उसकी सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही सभी कर्मचारियों को महिला मरीजों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।




