पालछूनी गांव से भारतीय सेना की मेडिकल सेवा तक का सफर, मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी सफलता
उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ ब्लॉक स्थित पालछूनी गांव की बेटी डॉ. आस्था बिष्ट ने भारतीय सेना की मेडिकल सेवा में लेफ्टिनेंट डॉक्टर बनकर पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और ग्रामीणों में गर्व का माहौल है।
डॉ. आस्था बिष्ट ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर नीट (NEET) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद उनका चयन देश के प्रतिष्ठित आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC), पुणे में हुआ, जहां से उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी की।
मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय सेना की मेडिकल सेवा में शामिल होकर देशसेवा का मार्ग चुना। अब वे लेफ्टिनेंट डॉक्टर के रूप में भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देंगी और देश के सैनिकों व नागरिकों की स्वास्थ्य सेवा की जिम्मेदारी निभाएंगी।
डॉ. आस्था बिष्ट की यह सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




