देहरादून में सत्यापन अभियान तेज, 52 मकान मालिकों पर कार्रवाई, ₹5.20 लाख का जुर्माना

Listen to this article

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पटेलनगर, विकासनगर, रानीपोखरी और सेलाकुई क्षेत्रों में बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से आकर रह रहे किरायेदारों, फड़-फेरी और ठेली संचालकों के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 1,000 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। जांच में पाया गया कि 52 मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी के विरुद्ध चालान कर कुल ₹5.20 लाख का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

इसके अलावा अभियान के दौरान 28 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई तथा उनसे ₹7,000 का जुर्माना वसूला गया।

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सत्यापन एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने सभी मकान मालिकों, हॉस्टल, होमस्टे संचालकों और किरायेदारों से समय पर पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

About The Author