देहरादून। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण देहरादून–मसूरी मुख्य मार्ग पर स्थित पानी वाला बैंड क्षेत्र में सड़क गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर फिलहाल आवाजाही बंद कर दी है। क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों से अपील की गई है कि वे इस मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों से ही यात्रा करें।
निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए बताया गया कि लगातार बारिश के चलते सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे किमाड़ी मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें तथा यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
इस दौरान उत्तराखंड सरकार, लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन बहाल करने की मांग की गई, ताकि स्थानीय लोगों, पर्यटकों और आवश्यक सेवाओं को जल्द राहत मिल सके।
साथ ही कहा गया कि आपदा की इस घड़ी में यदि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो वह निःसंकोच संपर्क कर सकता है। हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। आपकी सुरक्षा सर्वोपरि है। सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।

