
देहरादून, 28 जुलाई। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों के लिए अगले 18 घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 28 जुलाई शाम 7:30 बजे से 29 जुलाई दोपहर 1:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का कम से मध्यम स्तर का खतरा बना हुआ है।
जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है उनमें अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर शामिल हैं।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से सहिया, चकराता, लाखामंडल, पोखरी, गोचर, लोहारखेत, मुनस्यारी तथा आसपास के जलागम (वॉटरशेड) क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन इलाकों में तेज वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और गदेरों के किनारे जाने से बचें, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों से भी सावधानी बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।




