SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कार्यकर्ताओं को निर्देश, मतदाताओं की हरसंभव मदद करने का आह्वान

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया को लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के नाम विस्तृत पत्र जारी किया है। पत्र में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे मतदान सूची पुनरीक्षण के दौरान उन मतदाताओं की सहायता करें जिनके नाम काटे गए हैं या जिन्हें निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस प्राप्त हो रहे हैं।

गणेश गोदियाल ने अपने पत्र में बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित कर जिलों को भेज दिया गया है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान प्रदेश में लाखों मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं, जिनका समय पर जवाब देना आवश्यक है। यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि जिन मतदाताओं के नाम अनुपस्थित, स्थानांतरण, डुप्लीकेट अथवा मृत्यु जैसे कारणों से सूची से हटाए गए हैं, लेकिन वे वास्तव में उसी मतदान क्षेत्र में निवास कर रहे हैं, उनकी सहायता कर फॉर्म-6 भरवाया जाए और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उनका नाम पुनः मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों को नोटिस प्राप्त हो रहे हैं, उन्हें समय पर जवाब देने, आवश्यक प्रमाण पत्र जुटाने और निर्वाचन विभाग के समक्ष सही दस्तावेज प्रस्तुत करने में कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग करें। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्वाचन विभाग द्वारा विभिन्न आयु वर्गों के मतदाताओं के लिए अलग-अलग दस्तावेजों की आवश्यकता निर्धारित की गई है, इसलिए कार्यकर्ता पहले दस्तावेजों की सूची का सही ढंग से अध्ययन करें और उसी के अनुरूप लोगों की मदद करें।

गणेश गोदियाल ने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नोटिसों का वितरण 25 जुलाई से 17 अगस्त तक किया जा रहा है। नोटिसों की सुनवाई 24 अगस्त तक चलेगी, जबकि फॉर्म-6, 7 और 8 से संबंधित दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 अगस्त तक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने हेतु पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी पात्र नागरिक का नाम केवल तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से मतदाता सूची से बाहर न हो, इसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सहयोग सुनिश्चित करे।

About The Author