दून वैली टाइम्स | हरिद्वार
उत्तराखण्ड के हरिद्वार जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कटारपुर के पास हुआ भीषण हादसा
पुलिस के अनुसार, बादशाहपुर निवासी 24 वर्षीय सौरभ पुत्र भरत सिंह अपने एक रिश्तेदार को हरिद्वार छोड़ने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे। उसी समय फेरुपुर की ओर से 26 वर्षीय राजा पुत्र राजू, निवासी पुरुषोत्तम नगर, पथरी बंगला, हरिद्वार अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। कटारपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले थम गईं सांसें
हादसे की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक सौरभ का परिवार खेती और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता है, जबकि राजा का परिवार भी आर्थिक रूप से कमजोर है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सड़क पर सावधानी बरतने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।
