132 एकड़ में विकसित हो रहा विश्वस्तरीय पार्क, प्रकृति, पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं का बनेगा अनूठा संगम
देहरादून, 01 अगस्त। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित किया जा रहा अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान अब अपने अंतिम निर्माण चरण में पहुंच गया है। लगभग 132 एकड़ क्षेत्रफल में तैयार हो रहा यह भव्य उद्यान भविष्य में देहरादून की नई पहचान बनने के साथ-साथ प्रदेश और देशभर के पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा।

शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्माणाधीन उद्यान का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक पार्क नहीं, बल्कि देहरादून के पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान विकसित होने के बाद शहर को एक नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी यह प्रमुख आकर्षण बनेगा।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत विद्युत विभाग द्वारा लगभग 80 प्रतिशत तथा उद्यान विभाग द्वारा करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। पार्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रकृति का संतुलित समावेश किया जा रहा है। यहां आकर्षक थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक तथा प्राकृतिक वातावरण का अनुभव कराने के लिए 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक तैयार किया जा रहा है।
इसके अलावा सांस्कृतिक आयोजनों के लिए 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योग एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए योगा पवेलियन, मनमोहक व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक, आधुनिक स्पोर्ट्स जोन तथा विशाल लीची गार्डन भी विकसित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार स्पोर्ट्स जोन का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्क में तीन भव्य प्रवेश द्वार और अत्याधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने इन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सिविल निर्माण कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, केबीजी इंजीनियर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर फराज, सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
