देहरादून-पांवटा हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, बड़ा हादसा टला

देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा शाहपुर कल्याणपुर टोल बैरियर से ठीक पहले हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब की ओर से आ रही चंडीगढ़ नंबर (CH 04 C 6606) की कार तेज गति के कारण चालक का नियंत्रण खो बैठी और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को सड़क किनारे हटाया गया। क्षतिग्रस्त कार चलने की स्थिति में नहीं थी, जिसके चलते उसे चेन वाहन (टोइंग व्हीकल) की सहायता से वर्कशॉप ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि वाहन की रफ्तार और अधिक होती या आसपास अन्य वाहन मौजूद होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। यह दुर्घटना एक बार फिर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करती है।

About The Author