देहरादून, 28 जून। रविवार शाम करीब 7:10 बजे देहरादून सहित उत्तराखंड के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। कुछ ही सेकेंड के अंतराल में आए दो झटकों से लोग घबराकर अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि फिलहाल कहीं से भी किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई। इसका केंद्र अफगानिस्तान में था और भूकंप की गहराई 215 किलोमीटर दर्ज की गई। गहराई अधिक होने के कारण इसके झटके भारत के कई हिस्सों, विशेषकर दिल्ली, उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए।
भूकंप के मुख्य झटके के बाद कुछ स्थानों पर हल्के आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




