जौनसार-बावर क्षेत्र के साहिया में बनेगा केंद्रीय विद्यालय, भूमि हस्तांतरण को मिली मंजूरी

 दून वैली टाइम्स |साहिया|02 अगस्त

जौनसार-बावर क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड शासन ने साहिया में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए 3.009 हेक्टेयर भूमि माध्यमिक शिक्षा विभाग के नाम हस्तांतरित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही केंद्रीय विद्यालय की मांग अब पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ गया है।

शासन के संयुक्त सचिव शिवप्रसाद डिमरी ने इस संबंध में जिलाधिकारी देहरादून को पत्र जारी कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित भूमि सरकारी श्रेणी की है और भूमि हस्तांतरण के लिए सात महत्वपूर्ण शर्तें भी तय की गई हैं।

तीन वर्षों में भवन निर्माण का लक्ष्य

पत्र के अनुसार, भूमि हस्तांतरण के बाद तीन वर्ष के भीतर केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। यदि निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य शुरू नहीं होता या भूमि का उपयोग तय उद्देश्य के लिए नहीं किया जाता, तो भूमि पुनः राज्य सरकार के अधिकार में लौट सकती है।

क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

केंद्रीय विद्यालय खुलने से जौनसार-बावर के विद्यार्थियों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। इससे बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए देहरादून या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

यह निर्णय क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है और लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग कर रहे स्थानीय लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author