जौनसार-बावर में बारिश का कहर: 15 सड़कें अब भी बंद, 50 से अधिक गांवों का जनजीवन प्रभावित

Listen to this article

साहिया/चकराता | दून वैली टाइम्स

जौनसार-बावर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते विभिन्न स्थानों पर हुए भूस्खलन से कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। राहत कार्य जारी रहने के बावजूद 30 में से 15 सड़कें अब भी बंद हैं, जिससे करीब 50 गांवों का संपर्क प्रभावित बना हुआ है।

प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीमें युद्धस्तर पर सड़कों को खोलने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और पहाड़ियों से गिर रहे मलबे के कारण राहत कार्यों में बार-बार बाधा उत्पन्न हो रही है।

किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान

सड़कें बंद होने का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। सब्जियां, फल और अन्य कृषि उत्पाद समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे फसलें खेतों में ही खराब होने लगी हैं। ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

कई प्रमुख मार्ग अब भी बंद

लोक निर्माण विभाग चकराता, साहिया तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत आने वाले कई महत्वपूर्ण मोटर मार्ग अब भी बंद हैं। इनमें चकराता-लाखामंडल स्टेट हाईवे, दारागाड़, पुरोड़ी-चामा-जामथा, बिजनाड़, कुणावा-डांड-गबेला, सावड़ा-डुंगरी, नागथात-हिंडोला-छानी, सिलीगाड़-कुनैन, कांडोईधार-रेटा-जोतरा सहित कई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।

इसके अलावा पीएमजीएसवाई के तहत त्यूणी-चांदनी-खन्नल, बिस्या बैंड-खरासी, परिहाड़-सिंघाड़ और मलवा स्टॉक क्षेत्र के कई मार्ग भी प्रभावित हैं।

मरीजों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी

सड़कें बंद होने से ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और कई गांवों में दैनिक जरूरत की वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित हो गई है।

प्राथमिकता के आधार पर खुल रहे मार्ग

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खोला जा रहा है। मौसम सामान्य होते ही सभी बंद मार्गों को चरणबद्ध तरीके से सुचारु कर दिया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

About The Author