समाधान दिवस में डीएम ने 109 फरियादियों की सुनी समस्याएं, अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण

75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने मांगी सुरक्षा, डोईवाला-थानों बस सेवा पर डीएम सख्त, भूमि विवाद से लेकर मुआवजे तक हर शिकायत पर हुई सुनवाई

देहरादून, 3 अगस्त। आमजन की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान कुल 109 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता, पेयजल, सड़क, परिवहन तथा सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े अनेक मामलों पर सुनवाई हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

75 वर्षीय दादी ने सुनाई आपबीती, महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया। 75 वर्षीय विधवा माया देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि कोविड काल में बड़े बेटे और पिछले वर्ष छोटे बेटे की मृत्यु के बाद वह अपने पुश्तैनी मकान में अकेली रह गई हैं। उनका आरोप है कि उनकी नातिन गलत संगति और नशे की गिरफ्त में आकर अपने एक मित्र के साथ घर में लिव-इन संबंध में रह रही है तथा उनका मानसिक और घरेलू उत्पीड़न कर उन्हें मकान से बेदखल करने का प्रयास कर रही है।

माया देवी ने प्रशासन से सुरक्षा, सम्मानपूर्वक जीवन और नातिन के सुधार की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रभारी महिला सेल को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

संपत्ति विवाद में एसडीएम और सीओ को कार्रवाई के निर्देश

विधवा भगवान देई ने शिकायत की कि संपत्ति का बराबर बंटवारा होने के बावजूद छोटा पुत्र और बहू बड़े पुत्र के हिस्से की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर और क्षेत्राधिकारी रायपुर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

बेटे-बहू के उत्पीड़न की शिकायत पर विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देश

कांवली रोड निवासी सुरेन्द्र कुमार ने अपने पुत्र और बहू पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए बड़े पुत्र को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने की मांग की। जिलाधिकारी ने इस मामले को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

डोईवाला-थानों बस सेवा नहीं होने पर डीएम नाराज

देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानों मार्ग पर परिवहन निगम, स्मार्ट सिटी अथवा इलेक्ट्रिक बस सेवा संचालित न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) को तत्काल तलब कर समाधान के निर्देश दिए।

लखवाड़ बांध प्रभावित किसानों के अनुदान भुगतान पर मांगी रिपोर्ट

कालसी विकासखंड के लूहन गांव के छह कृषक परिवारों ने लखवाड़ बांध परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि का पुनर्स्थापन अनुदान नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता से तत्काल विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने को कहा।

छह साल बाद भी नहीं मिला मुआवजा

प्रेमनगर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि डोईवाला-प्रेमनगर सड़क चौड़ीकरण के दौरान छह वर्ष पहले उनका मकान ध्वस्त कर दिया गया था, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पात्र मुआवजे का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भूमि पैमाइश, डेयरी अनियमितता और पेयजल शिकायतों पर भी कार्रवाई

बल्लूपुर निवासी रमेश चंद्र की भूमि पैमाइश की मांग पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं अधोईवाला स्थित आंचल डेयरी परिसर में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर निदेशक डेयरी को उच्चस्तरीय जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

हरिपुर ढकरानी निवासी बाबूराम द्वारा अत्यधिक पेयजल बिल आने की शिकायत पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।

अवैध कब्जे और जलापूर्ति बाधित होने की शिकायतों पर भी निर्देश

सेंट्रल होप टाउन निवासी सहाना प्रवीन ने जमनपुर (सेलाकुई) में बरसाती नाले की सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे तथा रायवाला क्षेत्र में सीलिंग भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

वाणी विहार, जैन प्लॉट, रामगढ़ और भगत सिंह कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जल संस्थान को तत्काल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए।

जरूरतमंद परिवारों की स्कूल फीस और रोजगार पर भी प्रशासन संवेदनशील

बनियावाला निवासी विधवा विद्या सिंह ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए बच्चों की स्कूल फीस माफ कराने और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं नेहरू कॉलोनी निवासी पूनम भटनागर ने भी पुत्री की फीस माफ कराने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम पोर्टल की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन/सीएम पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

— दून वैली टाइम्स

About The Author