वन सुरक्षा दल की गश्त के दौरान हुआ हादसा, पुलिस और वन विभाग जांच में जुटे
दून वैली टाइम्स | देहरादून
सेलाकुई थाना क्षेत्र के भाऊवाला पुल के समीप स्वारना नदी क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खनन सामग्री से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकरा गया, जिससे चालक की मौके पर गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की चौहड़पुर रेंज का वन सुरक्षा दल क्षेत्र में नियमित गश्त पर था। इसी दौरान स्वारना नदी क्षेत्र से खनन सामग्री भरकर एक ट्रैक्टर तेज गति से निकलने लगा। बताया जा रहा है कि कुछ ही दूरी तय करने के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे पड़े एक बड़े पत्थर से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक रूपन सिंह (32 वर्ष) ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उसे धूलकोट स्थित अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक रूपन सिंह मूल रूप से समस्तीपुर (बिहार) का निवासी था और वर्तमान में भाऊवाला झुग्गी बस्ती में रहकर मजदूरी और ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही सेलाकुई थाना पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग का कहना है कि वन सुरक्षा दल नियमित गश्त पर था और पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रैक्टर खनन सामग्री लेकर कहां से आ रहा था और क्या खनन गतिविधि नियमों के अनुरूप थी या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
