देहरादून। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर गैंगस्टर के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दरू चौक के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भाग निकले। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रईस (26), निवासी सहारनपुर घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि घायल रईस सहारनपुर का शातिर गैंगस्टर है और प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो वर्ष पहले हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका साथी नवाब मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मौके से पुलिस ने बरामद किए:
– 315 बोर का तमंचा
– दो खोखे
– चापड़
– कुल्हाड़ी
– दो छुरियां
– बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
घायल बदमाश का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

