सेलाकुईं-रामपुर पुल की मरम्मत में गुणवत्ता से समझौता नहीं

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, तकनीकी जांच के दिए निर्देश

सहसपुर, 4 सितंबर। भारी बारिश के चलते स्वारना नदी पर सेलाकुईं-रामपुर को जोड़ने वाले सेतु का बेस क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य तेज कर दिया है। इसी क्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति और चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल की मरम्मत में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

विधायक पुंडीर ने सेतु की तकनीकी जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी जांच में पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मरम्मत के बजाय नए सेतु के निर्माण की आवश्यकता सामने आती है, तो सरकार जनहित में नए पुल के निर्माण के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से जल्द राहत मिल सके। विधायक ने कहा कि आपदा से प्रभावित सड़क, पुल और अन्य जनसुविधाओं की बहाली सरकार की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय लोगों के लिए सेलाकुईं-रामपुर पुल महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के ग्रामीणों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और पुल की मजबूती को लेकर विभागीय स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

निरीक्षण में ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि एवं सभासद अनिल नौटियाल, मंडल महामंत्री यशपाल कैंथुरा, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक राणा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी, सहायक अभियंता प्रवीण सक्सेना सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *