हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के कांगड़ी फ्लाईओवर पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रही स्कूटी की सामने से आ रही कार से कांगड़ी फ्लाईओवर पर जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में स्कूटी सवार दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मृतकों की पहचान 16 वर्षीय कार्तिक अग्रवाल, पुत्र नवीन अग्रवाल, निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी, हरिद्वार और 14 वर्षीय कृष्णा राजपूत, पुत्र सोनू राजपूत, निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है।
श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारू कराया। हादसे की सूचना जैसे ही दोनों किशोरों के परिजनों को मिली, परिवारों में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल में भी परिजनों और परिचितों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। महज 14 और 16 वर्ष की उम्र में दो किशोरों की मौत ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
