नशा मुक्त समाज के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे के बढ़ते प्रचलन पर प्रभावी रोकथाम को लेकर विभागीय समन्वय पर जोर दिया गया।

एडीएम ने शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को संयुक्त रूप से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।

पुलिस विभाग को नशा प्रभावित एवं संवेदनशील हॉटस्पॉट क्षेत्रों की GIS मैपिंग कर नियमित निगरानी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को पोस्त की खेती पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने को कहा गया।

एडीएम ने कहा कि नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी विभागों को समन्वय से कार्य करना होगा।

About The Author