15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, स्वच्छता से नवाचार तक होंगी जनभागीदारी वाली गतिविधियां

देहरादून, 9 सितंबर। जिले में आगामी 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के साथ आम नागरिकों को सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भागीदार बनाना है।

अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में रेखीय विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न थीम पर होंगे कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान ‘भारत 2047’, ‘सेवा और सपना’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानियां’ और ‘जन कल्याण संवाद’ जैसी विभिन्न थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत’ विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं ‘नमो 25 गाथा’ के तहत प्रेरणादायी बहुभाषी नाटकों का मंचन किया जाएगा।

सरकारी संस्थानों से लेकर धार्मिक स्थलों तक चलेगा स्वच्छता अभियान

अभियान के प्रथम चरण में सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगर निकायों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं कृतित्व से संबंधित पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा।

युवाओं के लिए हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज

युवा वर्ग को तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और शॉर्ट फिल्म निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर रिले मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

रंगोलियों और लाइट शो से दिखेगी विकास यात्रा

17 सितंबर को ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के तहत विशाल रंगोलियों के माध्यम से भारत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं 7 से 17 अक्टूबर तक ‘प्रगति के 25 स्तंभ’ कार्यक्रम में प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उत्तराखंड की प्रमुख विकास परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, लखवाड़ और जमरानी बांध जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

हर दिन 25 मिनट देश के नाम

अभियान का एक प्रमुख आकर्षण ‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ होगा। इसके तहत नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट देश के नाम समर्पित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें स्वच्छता, वृक्षारोपण, डिजिटल साक्षरता सहित विभिन्न जनहित गतिविधियों को शामिल किया जाएगा।

इसके अलावा बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंगों का वितरण, रक्तदान शिविर और अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।

गांधी जयंती पर स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर नागरिकों को स्वदेशी एवं खादी अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। विद्यालयों में ‘फिट इंडिया’ से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अभियान के कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी, बेहतर आपसी समन्वय और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी वाला जन-अभियान बनाना है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author