शिक्षा मंत्री से वार्ता के बाद एबीवीपी का आंदोलन समाप्त

मांगों के शीघ्र समाधान का भरोसा मिलने पर आंदोलनकारियों ने धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी वापस ली

विकासनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से महाविद्यालय में विभिन्न छात्रहित की मांगों को लेकर 31 अगस्त से चल रहा धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी आंदोलन सोमवार को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से वार्ता के बाद समाप्त हो गया। शिक्षा मंत्री की ओर से मांगों के शीघ्र समाधान का भरोसा मिलने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

एबीवीपी छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार कपूर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को शिक्षा मंत्री के शासकीय आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न छात्रहित की मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद निदेशक उच्च शिक्षा से वार्ता की और संबंधित मांगों का जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। मंत्री के आश्वासन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।

सोमवार शाम करीब 7:30 बजे महाविद्यालय परिसर में आंदोलन समाप्त करने की औपचारिक घोषणा की गई। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख विकासनगर नारायण ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य डाकपत्थर सुरेंद्र सिंह चौहान, महाविद्यालय प्रशासन की ओर से वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राधेश्याम गंगवार, प्राध्यापक हरीश जेटली समेत एबीवीपी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिक्षा मंत्री से वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में तुषार कपूर, विकी पवार, राहुल तोमर और प्रियांशी महंत शामिल रहे। वहीं धरना स्थल पर तुषार कपूर, राहुल तोमर, प्रियांशी महंत, शुभम तोमर, अरुण चौहान, आदित्य, शुभम चौहान, शिवांग चंदेल, राहुल विद्वान, उस्मान अली, सूरज शाह, परवीन सुमन, विकेश चौहान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त किया गया है। अब छात्र-छात्राओं को उम्मीद है कि संबंधित मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी और महाविद्यालय की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

About The Author