191 देशों में साइकिल से 2 लाख किमी का सफर, एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान के लिए देहरादून पहुंचे सोमेन देवनाथ

देहरादून, 23 सितंबर 2026। अपनी साइकिल से विश्व भ्रमण के दौरान 19 वर्षों में 7 महाद्वीपों के 191 देशों में 2 लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने वाले मशहूर साइक्लिस्ट सोमेन देवनाथ ने बुधवार को पुलिस कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार भेंट की।

सोमेन देवनाथ 27 मई 2004 को साइकिल के माध्यम से विश्व स्तर पर एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यात्रा पर निकले थे। पुलिस के अनुसार, अपने विश्व भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न देशों में पहुंचकर करीब 2 करोड़ लोगों को एचआईवी/एड्स के संबंध में जागरूक किया।

वर्तमान में सोमेन देवनाथ “रीयूनियन भारत, वन ट्री” अभियान के तहत भारत भ्रमण पर हैं। यह यात्रा 27 मई 2026 से 27 मई 2027 तक प्रस्तावित है, जिसके दौरान वे देश के 28 राज्यों और 5 केंद्रशासित प्रदेशों में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में वे इन दिनों उत्तराखंड के भ्रमण पर हैं।

शिष्टाचार भेंट के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सोमेन देवनाथ द्वारा साइकिलिंग के माध्यम से देश-विदेश में जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने देहरादून प्रवास और भ्रमण के दौरान उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

एसएसपी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों एवं सार्थक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *