मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से की विशेष सतर्कता बरतने की अपील

26-27 सितंबर को रेड अलर्ट: अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित रहें—CM धामी

देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में जारी रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और बेहद जरूरी होने पर ही मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें।

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से भी अपील की कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

नदी-नालों और बरसाती धाराओं से रहें दूर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं। तेज बहाव में प्रवेश करने का प्रयास न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सड़कों और स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नदी-नालों और अन्य जोखिम वाले स्थानों के आसपास न जाने दें।

जिलाधिकारी 24×7 अलर्ट मोड पर रहें

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पहले से दुरुस्त रखने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव दलों, आवश्यक उपकरणों, जेसीबी एवं अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चारधाम मार्ग और पर्यटन स्थलों पर निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घबराएं नहीं, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें और मौसम विभाग व जिला प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

About The Author