चम्पावत। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद के बनबसा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में देवतुल्य जनता एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है।

योगाभ्यास के उपरांत मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया तथा लोगों से प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य विरासत को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश में देश की पहली योग नीति लागू की गई है। इस नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों के विकास के लिए ₹20 लाख तक की सब्सिडी तथा योग से जुड़े शोध एवं अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए ₹10 लाख तक के अनुदान की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच नए योग हब स्थापित किए जा रहे हैं और सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, एसएसबी के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



