रायवाला, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोक कल्याण समिति (पंजीकृत), प्रतीतनगर रायवाला के तत्वावधान में गणेश फार्म, प्रतीतनगर में एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, लोक कल्याण समिति के सचिव नरेश थपलियाल, उपाध्यक्ष बालेन्द्र नेगी, महिला कल्याण सचिव अंजू बडोला सहित देवकी सुवेदी, रेखा भण्डारी, बीना बंगवाल, कमलेश भण्डारी, ऋषिराम शर्मा, दुर्गा देवी एवं अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षक प्रियंका ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार है तथा इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश है। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए युवाओं और ग्रामीणों से नियमित योग करने का आह्वान किया।
लोक कल्याण समिति के सचिव नरेश थपलियाल ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। समिति समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
समिति के प्रवक्ता विरेन्द्र नौटियाल ने योग को भारतीय संस्कृति की अनमोल विरासत बताते हुए कहा कि इसके नियमित अभ्यास से जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।




