डोईवाला लच्छीवाला टोल पर बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुआ ट्रक

डोईवाला। लच्छीवाला टोल प्लाजा पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अचानक नियंत्रण खोने के बाद तेज रफ्तार ट्रक टोल लेन में जा घुसा। गनीमत रही कि जिस लेन में ट्रक पहुंचा, वहां उस समय कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक के अनियंत्रित होने का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। चालक की सूझबूझ के चलते भी कई लोगों की जान बच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और टोल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बनाया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही।

About The Author