चकराता/देहरादून। चकराता के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोखंडी और मोईला टॉप ट्रैक को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार सकारात्मक समाधान की ओर बढ़ गया है। लोखंडी में वन विभाग द्वारा लगाए गए गेट और पर्यटकों की आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर जौनसार-बावर क्षेत्र के होटल एसोसिएशन और स्थानीय प्रतिनिधियों ने पहले कालसी स्थित कार्यालय में चकराता वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद आयोजित बैठक में क्षेत्रवासियों की अधिकांश प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई।
बैठक में डीएफओ चकराता, एसडीओ, रेंजर सहित वन विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान निम्नलिखित बिंदुओं पर सहमति बनी—
– लोखंडी में लगाया गया गेट 24×7 खुला रहेगा।
– गेट पर हर समय वन विभाग के कर्मचारी तैनात रहेंगे।
– मोईला टॉप ट्रैक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
– लोखंडी में पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
– लोखंडी अथवा बुधेर क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
– लोखंडी, बुधेर और मोईला टॉप में साफ-सफाई की जिम्मेदारी स्थानीय युवा मंगल दलों और महिला मंगल दलों के सहयोग से निभाई जाएगी, जिसके लिए एमओयू (MoU) किया जाएगा।
– वन विभाग के कर्मचारी स्थानीय लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करेंगे।
होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी दिनेश चांदना ने बताया कि पिछले लगभग दस दिनों से इस विषय पर संबंधित रेंजर अवनीश त्रिपाठी के साथ लगातार वार्ता चल रही थी। इसके बाद डीएफओ चकराता के साथ बैठक तय हुई, जिसमें होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा रखी गई सभी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी।
उन्होंने कहा कि यह केवल होटल व्यवसायियों की नहीं बल्कि समस्त जौनसार-बावर क्षेत्रवासियों की जीत है। जब समाज अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाता है, तो सकारात्मक परिणाम अवश्य मिलते हैं।
बैठक के दौरान होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी विक्रम सिंह पंवार, धजवीर सिंह चौहान, जितेंद्र दुरानी, पूर्व दर्जाधारी नेता प्रताप सिंह रावत, दिग्विजय सिंह चौहान, स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार, राकेश उत्तराखंडी सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।






