राज्यसभा सांसद की सांसद निधि से 2019 में गबन के मामले में वांछित महाप्रबंधक लखनऊ से गिरफ्तार

दून वैली टाइम्स | देहरादून, 14 अगस्त

चकराता पुलिस ने वर्ष 2019 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद राज बब्बर की सांसद निधि से जुड़े कथित गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वांछित वारंटी प्रदीप गोयल को लखनऊ से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मामला राजस्व क्षेत्र खबोंऊ , तहसील चकराता से संबंधित है, जिसकी विवेचना चकराता पुलिस द्वारा की जा रही थी। न्यायालय ने वाद संख्या 02/2025 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 316(5) एवं 318(4) के तहत अभियुक्त प्रदीप गोयल के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था।

वारंट की तामील के लिए पुलिस ने अभियुक्त के पुराने पते पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने सुरागरसी, पता-रसी और सर्विलांस की मदद से उसकी वर्तमान लोकेशन का पता लगाया।

जांच के दौरान अभियुक्त के लखनऊ में रहने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने 19, शांति एन्क्लेव, अर्जुनगंज, सरसंवा चौकी, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप गोयल, महाप्रबंधक, इंडिया प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कोऑपरेटिव लिमिटेड, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय, विकासनगर (देहरादून) के समक्ष पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री कृष्ण कुमार सिंह
  • कांस्टेबल 387 सीपी संतोष भंडारी

About The Author